देहरादून। राजधानी में चल रहे प्री एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान का 66.62 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष मतदाताओं के सत्यापन व मिलान के लिए अभियान जारी है। अब तक 10.39 लाख मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने नगर निगम सभागार में समीक्षा बैठक कर प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित ईआरओ को निर्देश दिए कि बीएलओ के कार्यों की प्रति सप्ताह समीक्षा सुनिश्चित की जाए। जिन बूथों पर मैपिंग प्रतिशत कम है, वहां तहसील स्तर से अधिकारियों व कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
समीक्षा में सामने आया कि 99.03 प्रतिशत मैपिंग के साथ चकराता विधानसभा पूरे जिले में पहले स्थान पर है, जबकि धर्मपुर विधानसभा 56.94 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विकासनगर 70.47 प्रतिशत, सहसपुर 71 प्रतिशत, रायपुर 62.64 प्रतिशत, राजपुर 61.19 प्रतिशत, देहरादून कैंट 61.36 प्रतिशत, मसूरी 63.52 प्रतिशत, डोईवाला 70 प्रतिशत और ऋषिकेश 60.87 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर चुका है।
बैठक में सीडीओ अभिनव शाह, नगर आयुक्त नमामी बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप नगर आयुक्त संतोष पांडेय, एसडीएम सदर हरिगिरि और एसडीएम ऋषिकेश योगेश मेहर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राजधानी में 15.60 लाख मतदाता
प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 15,60,788 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री एसआईआर के तहत इनमें से 10,39,833 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है, जबकि 5,20,955 मतदाताओं का सत्यापन शेष है।
विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार चकराता में 1,11,015, विकासनगर में 1,20,516, सहसपुर में 1,96,831, धर्मपुर में 2,12,309, रायपुर में 1,87,168, राजपुर रोड में 1,16,208, देहरादून कैंट में 1,29,002, मसूरी में 1,30,373, डोईवाला में 1,80,599 और ऋषिकेश में 1,76,767 मतदाता हैं।
जिले में 2369 बीएलए सक्रिय
जिले की सभी 10 विधानसभाओं में कुल 2369 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) कार्यरत हैं। इनमें भाजपा के 912, कांग्रेस के 1268 और सीपीआई के 189 बीएलए-2 शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से 19 अगस्त, 4 अक्तूबर और 2 दिसंबर को राजनीतिक दलों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त 27 जून, 2 दिसंबर, 9 फरवरी और 12 फरवरी को बीएलए के साथ भी समीक्षा बैठकें की गईं।


