चमोली जिले के किरुली गांव की बेटी आंचल फरस्वाण ने फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 का खिताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अब वह मुंबई में आयोजित होने वाले फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
देहरादून में आयोजित ग्रैंड फिनाले में 21 प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस प्रतिस्पर्धा में आंचल फरस्वाण ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर निर्णायकों को प्रभावित करते हुए ताज अपने नाम किया।
आंचल चमोली जनपद के बंड क्षेत्र स्थित पीपलकोटी के किरुली गांव की निवासी हैं। वर्तमान में उनका परिवार देहरादून में रह रहा है। वह देहरादून में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रही हैं।
उनके पिता रविंद्र फरस्वाण भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। आंचल की इस उपलब्धि से किरुली गांव सहित पूरे बंड क्षेत्र में खुशी की लहर है।
स्थानीय लोगों ने आंचल की सफलता पर गर्व जताते हुए उम्मीद जताई है कि वह फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में भी जीत हासिल कर उत्तराखंड और चमोली का नाम देशभर में रोशन करेंगी।



