किच्छा। सिटी पैलेस के सामने हाईवे पर टुकटुक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार टुकटुक संख्या UK 06T-TA-8616 और मोटरसाइकिल संख्या UK06-V-4715 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टुकटुक में सवार नन्ही देवी पत्नी कल्लू, शिवानी पुत्री कल्लू, बालमती पुत्री जयराम, लक्ष्मी पुत्री सूरजपाल, तन्नू पुत्री बुद्सेन, आशा पत्नी बुद्सेन, कीर्ति पुत्री बुद्सेन, निशा पुत्री सूरजपाल, सन्नो पुत्री बुद्सेन व शिवानी पुत्री महेंद्र निवासी शेरगढ़, जिला बरेली घायल हो गए।

वहीं मोटरसाइकिल चालक अंश पुत्र चरन सिंह तथा श्रीमती संतोष (45) पत्नी चरन सिंह निवासी उत्तरांचल कॉलोनी भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। हादसे के बाद टुकटुक चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों में नन्ही देवी, शिवानी (दोनों निवासी शेरगढ़), अंश पुत्र चरन सिंह और श्रीमती संतोष को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


