लखनऊ/गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर प्रदेश की सियासत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्रियों को मुख्यमंत्री बनने का खुला ऑफर देते हुए कहा कि जो 100 विधायक साथ ले आएगा, उसे एक सप्ताह के लिए मुख्यमंत्री बना दिया जाएगा।
रविवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने गोरखपुर में इलाज के दौरान कथित लापरवाही से 19 लोगों की आंखों की रोशनी जाने की घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी है। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के भीतर कथित अंतर्कलह पर भी तंज कसा।
अखिलेश यादव ने कहा, “हम अपना ऑफर फिर से दोहराते हैं—100 विधायक लाओ और मुख्यमंत्री बन जाओ। जो 100 विधायक साथ लाएगा, वह एक हफ्ते के लिए मुख्यमंत्री बनेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि संभवतः एक सप्ताह की बात इसलिए कही गई क्योंकि मुख्यमंत्री चार दिन के दौरे पर जापान जाने वाले हैं।
शंकराचार्य प्रकरण पर भी सरकार को घेरा
सपा अध्यक्ष ने शंकराचार्य से जुड़े विवाद को लेकर भी राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शंकराचार्य को अपमानित करने के लिए पुरानी घटनाओं को उछाल रही है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में कभी किसी शंकराचार्य को गंगा स्नान से रोके जाने की बात नहीं सुनी गई, लेकिन इस बार ऐसा हुआ।
उन्होंने शंकराचार्य पर लगे यौन शोषण मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा एफआईआर दर्ज करने के आदेश पर भी टिप्पणी की। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार जानबूझकर माहौल बनाने की कोशिश कर रही है और 20 साल पुरानी घटना को सामने लाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि शिकायतकर्ता रामभद्राचार्य के शिष्य हैं तो पहले दर्ज मुकदमे को वापस लेने का फैसला उनकी गलती थी। साथ ही उन्होंने कहा कि विचारों का मतभेद अलग बात है, लेकिन इस स्तर तक आरोप लगवाना गलत है।
इस दौरान अखिलेश यादव ने दावा किया कि मौजूदा सरकार अब ज्यादा समय तक टिकने वाली नहीं है और जनता सब देख रही है।


