March 5, 2026 - 5:09 am

तेहरान में IRIB मुख्यालय पर हमला, सऊदी ने गिराए आठ ड्रोन; तेल कीमतों में उछाल

Must Read

पश्चिम एशिया इन दिनों बारूद की गंध से भरा हुआ है। इस्राइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर जारी सैन्य हमलों का मंगलवार को चौथा दिन रहा। दोनों देशों की संयुक्त बमबारी तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान चार-पांच सप्ताह तक चल सकता है। पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं।

तेहरान में IRIB के मुख्यालय पर हमला

ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार राजधानी तेहरान में ईरानी नेशनल ब्रॉडकास्टर IRIB के मुख्यालय के कुछ हिस्सों पर अमेरिकी और इस्राइली हमले हुए हैं। ईरान स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी (ISNA) ने बताया कि आवश्यक सावधानियों के चलते प्रसारण सिग्नल प्रभावित नहीं हुआ और ऑपरेशन जारी है।
रिपोर्ट के अनुसार वली असर और इमाम खुमैनी सड़कों के पास स्थित शाहिद मोताहारी सरकारी कॉम्प्लेक्स को भी निशाना बनाया गया। राजधानी के उत्तर और पश्चिमी इलाकों में भी कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

एरबिल एयरपोर्ट के पास ड्रोन मार गिराया

इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में एरबिल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट एक ड्रोन को मार गिराया गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एयरपोर्ट के पास धुआं उठता दिखाई दिया। हालांकि इस संबंध में इराकी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

ट्रंप अंतहीन युद्ध में नहीं पड़ेंगे: वेंस

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप देश को बिना स्पष्ट उद्देश्य के लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष में नहीं झोंकेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान पर कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उसे परमाणु हथियार हासिल न हो सकें।

सऊदी अरब ने गिराए आठ ड्रोन

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रियाद और अल-खारज की ओर बढ़ रहे कम से कम आठ ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया गया। वहीं रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर पर भी दो ड्रोन हमले हुए, जिससे एक इमारत में मामूली क्षति और सीमित आग लगने की सूचना है।

‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ पर सेंट्रल कमांड का बयान

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक वीडियो जारी कर कहा कि ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ का लक्ष्य ईरान की आक्रामक मिसाइल क्षमताओं को नष्ट करना है। अमेरिकी सेना सटीक और व्यापक कार्रवाई कर रही है।

संयुक्त राष्ट्र ने जताई वैश्विक अर्थव्यवस्था पर चिंता

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने खाड़ी क्षेत्र के कई नेताओं से बातचीत की है। संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों का वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में 5.63 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई तो ऊर्जा कीमतों में और उछाल आ सकता है।

यह अंतहीन युद्ध नहीं: नेतन्याहू

इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह अभियान अंतहीन युद्ध नहीं होगा, बल्कि त्वरित और निर्णायक कार्रवाई है। उन्होंने दावा किया कि ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को सुरक्षित बनाए जाने से पहले कार्रवाई आवश्यक थी।
नेतन्याहू ने कहा कि यदि अभी कदम नहीं उठाया जाता तो भविष्य में कार्रवाई असंभव हो जाती।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

पेंटागन से दोस्ती पड़ी भारी: OpenAI को झटका, 295% बढ़े अनइंस्टॉल

अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बाजार में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। OpenAI द्वारा अमेरिकी रक्षा विभाग के...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img