रुद्रपुर। प्रदेश सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में कई विकास परियोजनाओं के लिए बजट जारी किया है। इसी क्रम में रुद्रपुर नगर निगम को भी सरकारी खजाने से बड़ी सौगात मिली है।
मेयर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम के कई कार्यालय वर्तमान में जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं। ऐसे में बहुमंजिला कार्यालय भवन के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे पहले ही स्वीकृति मिल चुकी थी। अब मुख्यमंत्री के आदेश पर इस परियोजना के लिए बजट भी जारी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम का तीन मंजिला हाईटेक भवन बनाया जाएगा। भवन परिसर में बड़ी पार्किंग की व्यवस्था के साथ ही छत पर एक बड़े हॉल का निर्माण किया जाएगा। भूतल और प्रथम तल पर यूएलबी कार्यालय संचालित होंगे, जबकि द्वितीय तल और छत के हॉल का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
पार्किंग एरिया में आधुनिक रिसेप्शन, वेटिंग एरिया, टैक्स कलेक्शन काउंटर और स्टोर रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मेयर के अनुसार भवन का डिजाइन उत्तराखंड की भौगोलिक संरचना, जलवायु और सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। पूरी इमारत भूकंपरोधी तकनीक पर आधारित होगी।



