20 मार्च तक चलेंगी परीक्षाएं, पहले दिन इंटर ड्राइंग एंड पेंटिंग का पेपर
देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं शनिवार से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेंगी। पहले दिन इंटरमीडिएट की ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होंगी।
बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी के अनुसार इस वर्ष कुल 2,15,252 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल में 1,722 व्यक्तिगत और 1,10,544 संस्थागत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि इंटरमीडिएट में 3,637 व्यक्तिगत तथा 99,349 संस्थागत परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए उत्तराखंड में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 156 केंद्र संवेदनशील और 6 केंद्र अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं।
इंटरमीडिएट की अंतिम परीक्षा 20 मार्च को संस्कृत, उर्दू और पंजाबी विषयों की होगी। वहीं हाईस्कूल की परीक्षाएं 23 फरवरी से शुरू होंगी, जिसमें पहले दिन हिंदुस्तानी संगीत (मैलोडिक वादन) और टंकण (अंग्रेजी, हिंदी) की परीक्षा होगी। हाईस्कूल की अंतिम परीक्षा 20 मार्च को हिंदुस्तानी संगीत (गायन) सहित अन्य विषयों के साथ संपन्न होगी।
बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं।


