सितारगंज क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती ने अपने सौतेले पिता पर दुष्कर्म और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2010 में उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मां ने नानकमत्ता निवासी एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद वह अपनी मां, सौतेले पिता, भाई और बहन के साथ सितारगंज के एक गांव में रहने लगी। वर्ष 2018 में बहन की शादी हो गई और 2019 में मां का निधन हो गया, जिसके बाद भाई पढ़ाई के लिए नानकमत्ता चला गया और वह घर में अकेली रह गई।
आरोप है कि इसी दौरान सौतेले पिता ने नहाते समय उसका वीडियो बना लिया और उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया। बदनामी के डर से पीड़िता ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। वर्ष 2021 में उसकी शादी उत्तर प्रदेश निवासी युवक से हो गई। शादी के बाद एक बार मायके आने पर भी आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस बात की जानकारी उसने अपने पति को दी, लेकिन सामाजिक दबाव के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता के अनुसार, 11 जनवरी को उसके पति की मृत्यु हो गई। इसके बाद 21 जनवरी को जब वह अपने ससुराल में बच्चों को दूध पिला रही थी, तब आरोपी वहां पहुंचा और उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि इसके बाद से आरोपी लगातार फोन और संदेशों के जरिए उसे परेशान कर रहा है।
सीओ बीएस धौनी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



