लोहाघाट। घाट क्षेत्र में सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे दो युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार लोहाघाट से पिथौरागढ़ जा रही कार (यूके 03 3999) घाट पुल से पहले अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे की सूचना मिलते ही बाराकोट चौकी पुलिस और लोहाघाट फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
घायलों को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहाघाट भेजा गया। तहसीलदार बृजमोहन आर्या ने बताया कि हादसे में कार चालक युवराज ओली (18) पुत्र राजकिशोर, निवासी गलचौड़ा लोहाघाट को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दीपेश खर्कवाल (18) पुत्र गिरीश खर्कवाल, निवासी पिथौरागढ़ को मामूली चोटें आई हैं।
गंभीर रूप से घायल युवराज ओली को बेहतर उपचार के लिए एयर लिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।



