देहरादून। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम पर 23 से 25 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का शुभारंभ सोमवार को परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस दौरान सीएम ने परेड ग्राउंड में लगे स्टालों का उद्घाटन किया और स्वयं सेल रोटी बनाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में भी किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, सविता कपूर और मेयर सौरभ बहुगुणा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने चार वर्षों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की पहल की गई। इसके अलावा सख्त नकल निरोधक कानून और कठोर धर्मांतरण कानून भी लागू किए गए।
भट्ट ने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है। जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साथ ही 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए और बिजली उत्पादन में तीन गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं और प्रदेश के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जनता सरकार के विकास कार्यों से संतुष्ट है और यही संतुष्टि आगामी एक वर्ष में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दे रही है।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव जीतेगी। आने वाला एक वर्ष सरकार के लिए बोनस साबित होगा और जीत को और प्रचंड बनाएगा।



