देहरादून। उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर भाजपा चुनावी तैयारियों को नया आयाम दे रही है। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून पहुंचकर चुनावी माहौल को और धार देंगे।
प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर से गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद उनका काफिला एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से होते हुए डाटकाली मंदिर तक जाएगा। यहां से गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड तक रोड शो का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े करीब 30 हजार कार्यकर्ता पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगे। इसके लिए देहरादून, सहारनपुर और हरिद्वार समेत कई क्षेत्रों से गुलाब की पंखुड़ियां मंगाई गई हैं।
प्रधानमंत्री इस दौरान दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे सहित करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। भाजपा का दावा है कि रैली में 30 हजार से अधिक कार्यकर्ता जुटेंगे। इसके लिए देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, नरेंद्रनगर और उत्तरकाशी समेत विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
रैली के दौरान प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद भी करेंगे। पार्टी का उद्देश्य चुनावी माहौल को नई ऊंचाई तक ले जाना और हैट्रिक की राह को आसान बनाना है।
इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रैली की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक करेंगे, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली ऐतिहासिक और भव्य होगी।



