देहरादून। शहर में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। सप्लाई व्यवस्था में आई बाधा के कारण दून में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है। हालात को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है।
जानकारी के अनुसार गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति केवल आवश्यक सेवाओं तक सीमित रखी जाए। इसके तहत अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को ही फिलहाल कमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।
वहीं होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिल पाएंगे। इससे कारोबारियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। उधर, बुकिंग नंबर भी सही ढंग से काम नहीं कर रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गैस एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैकलॉग खत्म होने के बाद जल्द ही सामान्य आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
इधर शहर के कई इलाकों में लोगों को सिलिंडरों की डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक गैस बुकिंग न करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों में बैकलॉग खत्म करने का प्रयास किया जाएगा।



