देहरादून। शहर में बढ़ती बंदरों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की ओर से चिड़ियापुर की विशेष टीम को बंदर पकड़ने का ठेका दिया गया है। यह टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बंदरों को पकड़कर चिड़ियापुर ले जाएगी, जहां उनकी नसबंदी कराई जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, नसबंदी के बाद बंदरों को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ा जाएगा, ताकि शहर में उनकी संख्या नियंत्रित की जा सके। फिलहाल टीम नगर निगम के आउटर क्षेत्रों में बंदर पकड़ने का कार्य कर रही है।
नगर निगम पशु अनुभाग के प्रभारी डॉ. वरुण अग्रवाल ने बताया कि संबंधित टीम को प्रति बंदर के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को बंदरों के आतंक से राहत दिलाना है।



