नई दिल्ली/देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन अब जल्द होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल के पहले सप्ताह या फिर 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर उत्तराखंड दौरे के दौरान इसका शुभारंभ कर सकते हैं। करीब 210-211 किलोमीटर लंबे इस छह लेन एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की दूरी अब महज दो से ढाई घंटे में तय की जा सकेगी, जबकि वर्तमान में यह सफर छह से साढ़े छह घंटे में पूरा होता है।
करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे की शुरुआत दिल्ली के अक्षरधाम से होकर देहरादून तक है। दिल्ली में इसका एलिवेटेड हिस्सा सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ता है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लिए सड़क संपर्क और अधिक तेज व सुगम हो गया है।
यात्रियों के लिए बनेगा गेमचेंजर
एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने के बाद न केवल पर्यटकों को उत्तराखंड की वादियों तक पहुंचना आसान होगा, बल्कि व्यापारियों, उद्यमियों और आम यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से जाम की समस्या झेल रहे मार्गों का दबाव भी अब इस एक्सप्रेसवे पर शिफ्ट होगा।
पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड को मिलेगा फायदा
एलिवेटेड सेक्शन खुलने से खेकड़ा समेत बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के लोगों को भी बड़ी सुविधा मिली है। यह एक्सप्रेसवे इन जिलों को दिल्ली-एनसीआर से तेज और वैकल्पिक कनेक्टिविटी प्रदान कर रहा है। पूरी तरह चालू होने के बाद यह मार्ग क्षेत्रीय विकास और आवागमन को नई गति देगा।



