रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में हनीट्रैप गिरोह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय यह गिरोह लोगों को निशाना बनाकर उनसे अवैध वसूली कर रहा है। युवतियां पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवकों के फोन नंबर लेती हैं, फिर मिलने के बहाने बुलाकर उन्हें जाल में फंसा लेती हैं।
आरोप है कि गिरोह के सदस्य युवकों को घर ले जाकर बंधक बना लेते हैं और उनके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हैं। इसके बाद मोटी रकम की मांग की जाती है। विरोध करने पर मारपीट तक की जाती है। लोकलाज और बदनामी के डर से कई पीड़ित चुपचाप पैसे दे देते हैं, जबकि कुछ ही लोग पुलिस तक पहुंच पाते हैं।
पुलिस की कार्रवाई के बावजूद गिरोह रुद्रपुर समेत जिले के कई इलाकों में पैर पसार चुका है। हाल में सामने आए मामलों से यह भी स्पष्ट हुआ है कि गिरोह के तार उत्तर प्रदेश, खासकर रामपुर से जुड़े हुए हैं। फरवरी में जौहर उर्फ महक की गिरफ्तारी के बाद रामपुर के कई लोग शिकायत लेकर तत्कालीन एसएसपी के पास पहुंचे थे।
हाल के प्रमुख मामले
- 12 मार्च: रामपुर के एक युवक ने ट्रांजिट कैंप निवासी युवती पर हनीट्रैप में फंसाकर लूटपाट और मारपीट का आरोप लगाया। मामले का खुलासा अभी लंबित है।
- 27 जनवरी: गदरपुर पुलिस ने रामपुर निवासी गिरोह की सरगना जौहर उर्फ महक को गिरफ्तार किया। गिरोह के कई सदस्य अब भी फरार हैं।
- 15 दिसंबर 2025, काशीपुर: व्यापारी को होटल में बुलाकर रेप केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों की मांग की गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
- 12 जून 2025, किच्छा (पुलभट्टा): लुटेरी दुल्हन गैंग का खुलासा, जो शादी का झांसा देकर गहने और नकदी लूटता था। मुख्य महिला सदस्य व उसके साथी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने हाल ही में ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में भी हनीट्रैप गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पूर्व में भी कई घटनाओं का खुलासा किया जा चुका है।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान महिलाओं से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



