भारत ‘पैक्स सिलिका’ पहल में होगा शामिल, एआई और सप्लाई चेन सुरक्षा पर बढ़ेगा वैश्विक सहयोग
नई दिल्ली। भारत आज औपचारिक रूप से अमेरिका की अगुवाई वाली पहल ‘पैक्स सिलिका’ में शामिल होने जा रहा है। यह पहल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और वैश्विक सप्लाई चेन की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसकी घोषणा दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान की गई।
क्या है पैक्स सिलिका?
यह अमेरिकी विदेश विभाग की प्रमुख रणनीतिक पहल है। इसका उद्देश्य एआई तकनीक का सुरक्षित विकास, महत्वपूर्ण वस्तुओं और संसाधनों की भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला तैयार करना और सहयोगी देशों के बीच आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करना है।
घोषणा के अनुसार, मजबूत सप्लाई चेन वैश्विक आर्थिक स्थिरता के लिए अनिवार्य है, जबकि एआई भविष्य की समृद्धि और विकास का प्रमुख आधार बनने जा रहा है।
किन देशों ने किए हस्ताक्षर?
इस पहल पर हस्ताक्षर करने वाले देशों में ऑस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, इस्राइल, कतर और ग्रीस शामिल हैं।
वहीं कनाडा, यूरोपीय संघ, नीदरलैंड्स और ताइवान साझेदार के रूप में जुड़े हैं।
अमेरिका-भारत तकनीकी सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
अमेरिका के आर्थिक मामलों के अंडर सेक्रेटरी जैकब हेलबर्ग 20-21 फरवरी तक भारत दौरे पर हैं। इस दौरान वे एआई सम्मेलन में भाग लेंगे, भारत-अमेरिका तकनीकी साझेदारी को मजबूत करेंगे और एआई एक्सपोर्ट प्रोग्राम के नए चरण की शुरुआत करेंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस पहल से वैश्विक तकनीकी सहयोग के साथ-साथ आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी भी नए स्तर पर पहुंच सकती है।


