देहरादून। श्री झंडे जी के आरोहण के तीसरे दिन मंगलवार को नगर परिक्रमा निकाली गई। श्री महंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई में हजारों श्रद्धालु परिक्रमा में शामिल हुए। सुबह से ही बड़ी संख्या में संगत दरबार साहिब में जुटने लगी थी। इसके बाद विधिवत रूप से नगर परिक्रमा का शुभारंभ हुआ।
श्री महंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य को सच्चे मार्ग का ज्ञान प्राप्त होता है। गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है। उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की असीम कृपा बरसती है।
नगर परिक्रमा दरबार साहिब से शुरू होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, चकराता रोड, घंटाघर और पलटन बाजार से गुजरती हुई पुनः श्री दरबार साहिब पहुंचकर सम्पन्न हुई।
इस दौरान एसजीआरआर बॉम्बेबाग में श्रद्धालुओं को गन्ने का प्रसाद वितरित किया गया। मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि नगर परिक्रमा दूनवासियों के लिए भी ऐतिहासिक क्षण होता है, जब देश-विदेश से आई संगत उनके बीच होती है।
वहीं, श्री दरबार साहिब परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 200 यूनिट रक्तदान किया गया।



