किच्छा। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वीरू नगला और बड़ौरा में सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इन दोनों कार्यों पर कुल 1.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम वीरू नगला में शिवराम के खेत से शीला पंत स्कूल होते हुए श्मशान घाट लिंक मार्ग तक 1.550 किमी लंबी सड़क का प्रीमिक्स कारपेट पद्धति से पुनर्निर्माण किया जाएगा, जिस पर 79.86 लाख रुपये की लागत आएगी।
इसके अलावा ग्राम बड़ौरा के आंतरिक मार्गों में 505 मीटर लंबाई तक सीमेंट कंक्रीट ब्लॉक पेवमेंट से सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी लागत 51.07 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
विधायक बेहड़ ने इन कार्यों के लिए धन स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग मंत्री का आभार जताया है।



