किच्छा (ऊधमसिंह नगर)। क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल श्रमिक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कृष्णपाल (40) पुत्र महेश कुमार, मूल निवासी चौरी मीरगंज (बरेली, उत्तर प्रदेश) वर्तमान में रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप स्थित कृष्ण कॉलोनी में रहते थे। वह पंतनगर सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत थे। बताया गया कि कृष्णपाल नाइट शिफ्ट पूरी करने के बाद सुबह अपने ससुराल जा रहे थे।
इसी दौरान किच्छा स्थित इंट्राक कंपनी के पास तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्प्लेंडर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर लालपुर चौकी में खड़ा कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी चालक की तलाश जारी है।
मृतक के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



