अमेरिका और इस्राइल के ईरान के खिलाफ सैन्य मोर्चा खोलने से पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। इसी बीच ईरानी मूल की बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाना करीमी ने भारत छोड़कर अपने वतन लौटने की इच्छा जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि वह भारत से “ब्रेकअप” कर रही हैं और उनके बैग पैक हो चुके हैं।
‘सिस्टम खत्म होगा तो लौट जाऊंगी’
हाल ही में एक बातचीत में मंदाना ने कहा, “जैसे ही यह सिस्टम (ईरान में तानाशाही) खत्म होगा, मैं वापस चली जाऊंगी। मैं अब जा रही हूं। मुझे लग रहा है कि मैं इंडिया से ब्रेकअप कर रही हूं। यह मेरे लिए बहुत मुश्किल है। मैं बहुत छोटी उम्र में इंडिया आई थी और यहां मुझे सब कुछ मिला। मेरा मॉडलिंग और एक्टिंग करियर, इंडिया से मिला प्यार और दोस्त मेरे लिए बहुत खास हैं।”
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि पिछले दो महीनों में उन्हें अपने घर की बहुत याद आई और वह काफी अकेलापन महसूस कर रही हैं।
‘इंडिया में मेरी आवाज नहीं सुनी जाएगी’
मंदाना ने यह भी कहा, “मुझे लगता है कि इंडिया में मेरी कोई आवाज नहीं सुनी जाएगी।” उन्होंने हाल के अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर भी प्रतिक्रिया दी थी। अमेरिका-ईरान तनाव के बीच उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सराहना की थी। वहीं, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की कथित मौत की खबरों के बाद उन्होंने ट्रंप को ईरान को आजादी दिलाने वाला शख्स बताया था।
इन फिल्मों में आ चुकी हैं नजर
ईरान में जन्मी मंदाना करीमी एक चर्चित मॉडल रही हैं और हिंदी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। वह भाग जॉनी और क्या कूल हैं हम 3 जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच उनका यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।


