रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवोदय विद्यालय के संविदाकर्मी की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कर्मी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से पिथौरागढ़ निवासी संतोष भंडारी रुद्रपुर स्थित नवोदय विद्यालय की मैस में कार्यरत थे। सोमवार रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय के सामने हाईवे पार करते समय एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायल संतोष को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। कार को भी बरामद कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
बताया गया कि मृतक के भाई विनोद कुमार उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में किच्छा कोतवाली में तैनात हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



