Narendra Modi के असम के दो दिवसीय दौरे के दौरान खराब मौसम की वजह से उनके कार्यक्रम में अचानक बदलाव करना पड़ा। प्रधानमंत्री का शुक्रवार को कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन खराब मौसम के चलते इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद पीएम गुवाहाटी पहुंचे और वहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए।
अधिकारियों के अनुसार इलाके में मौसम खराब होने के कारण सुरक्षा और यात्रा को देखते हुए यह फैसला लिया गया। गुवाहाटी से ही प्रधानमंत्री ने कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि खराब मौसम के कारण वह कोकराझार नहीं पहुंच पाए, जिसके लिए वह वहां मौजूद लोगों से क्षमा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली से सीधे कोकराझार आने के लिए निकले थे, लेकिन मौसम की वजह से गुवाहाटी में ही उतरना पड़ा और यहीं से लोगों से संवाद कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा-एनडीए की डबल इंजन सरकार असम की विरासत के संरक्षण और तेज विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में ही क्षेत्र के विकास के लिए 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। इनमें से 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बोडोलैंड क्षेत्र की सड़कों के विकास पर खर्च की जाएगी।
पीएम मोदी ने 3,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली प्रमुख सड़क अवसंरचना परियोजना ‘असम माला 3.0’ की शुरुआत भी की। इस योजना के तहत असम में 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे अंतर-राज्यीय संपर्क मजबूत होगा और राष्ट्रीय राजमार्गों तथा ग्रामीण सड़कों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
इसके अलावा बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) क्षेत्र में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली छह सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इनमें चार फ्लाईओवर और दो पुल शामिल हैं। इन परियोजनाओं से कोकराझार जिले में यातायात जाम कम होने के साथ संपर्क, पर्यटन, कृषि और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ने कोकराझार जिले के बाशबारी में आवधिक मरम्मत (पीओएच) रेलवे कार्यशाला की आधारशिला भी रखी।
साथ ही उन्होंने उत्तर-पूर्व क्षेत्र में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए तीन नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इनमें कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस शामिल हैं। इन सेवाओं से असम, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के बीच संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों, व्यापारियों व पर्यटकों को लाभ मिलेगा।



