रुद्रपुर। शहर में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत से उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को दो दिन बाद इंडेन गैस एजेंसी पर सिलिंडर से भरी गाड़ी पहुंचते ही वहां भीड़ बेकाबू हो गई। स्थिति ऐसी बनी कि व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा।
पुलिस ने लोगों को समझाकर एजेंसी के गेट के अंदर घुसने से रोका। इस दौरान काशीपुर बाईपास पर सिलिंडर लेने के लिए लंबी कतार लग गई। लोग घंटों इंतजार करते नजर आए, लेकिन फिलहाल एजेंसी से सिलिंडर वितरण नहीं किया जा रहा है।
गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रमोद पांडेय ने बताया कि होम डिलीवरी व्यवस्था लागू होने के बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता सीधे एजेंसी पहुंच रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।



