ख़बरचौक, रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)।
राज्य के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक अवसर के रूप में तीसरी उत्तराखंड राज्य पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 एवं राष्ट्रीय चयन ट्रायल का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी मोहन गोयल, जे. बी. सिंह तथा डिसएबल स्पोर्टिंग समिति के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
चैंपियनशिप का आयोजन पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड एवं डिसेबल्ड स्पोर्टिंग सोसायटी उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर मोहन गोयल ने कहा कि पैरा खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनका संघर्ष, अनुशासन और आत्मविश्वास युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की सीख देता है।
आयोजकों के अनुसार चयनित खिलाड़ी 6 से 10 मार्च तक तेलंगाना में आयोजित राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में राज्य के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिससे मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धी और रोमांचक बने हुए हैं। विभिन्न वर्गों में खेले जा रहे मैचों के साथ चयन समिति खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, रणनीति और कोर्ट मूवमेंट का सूक्ष्म मूल्यांकन कर रही है, ताकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन हो सके।
आयोजन समिति के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पैरा खिलाड़ियों का जज्बा प्रेरणादायी है। वहीं प्रतियोगिता के संयोजक हरीश चौधरी ने कहा कि यह आयोजन समावेशी खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में अमिता, एनआईएस कोच एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रेम कुमार, संदीप चौधरी, शरद जोशी, गोविंद परिहार, रघुनाथ विश्वास, प्रेम विश्वास, अक्षत रुहेला, कमल हसन, शुभेंदु मन्ना, अनिकेत, विनोद रावत और नवनीत पैन्यूली समेत अनेक खिलाड़ी व पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता उत्तराखंड में पैरा खेलों के विकास, प्रतिभा संवर्धन और खिलाड़ियों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।


