रुद्रपुर। होली पर्व के दौरान मार्ग से टुक-टुक निकालने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के मामले में माहौल गरमा गया। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर रम्पुरा चौकी पहुंची एक महिला के साथ सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी द्वारा कथित अभद्रता और मारपीट किए जाने की शिकायत पर विधायक शिव अरोरा चौकी पहुंच गए।
विधायक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर नाराजगी जताई। उन्होंने कोतवाल से दूरभाष पर स्पष्ट कहा कि हिंदू त्योहार के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने मामले में चार नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भूतबंगला क्षेत्र में होली के दौरान महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट हुई थी। न्याय की गुहार लेकर जब महिला रम्पुरा चौकी पहुंची तो वहां मौजूद एक सिविल ड्रेस पुलिसकर्मी ने उसके साथ अभद्रता की और जूतों से मारने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं का पुलिस पर से भरोसा उठ सकता है।
विधायक के हस्तक्षेप के बाद संबंधित पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया। विधायक ने पुलिस से यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी त्योहार के दौरान इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी महिला के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान विक्की वाल्मीकि, राज कोली, महेश कोली, सुदामा कोली, विशाल कोली, चन्द्रसेन चंदा, सौरभ गुप्ता, बिट्टू शर्मा, मयंक कक्कड़, सन्नी पासवान, नमन चावला, आरती देवी, मंजू, प्रीति और सुजाता रानी सहित कई लोग मौजूद रहे।



