रुद्रपुर। रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से टेंपो स्टैंड के एक मुंशी की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, भूरारानी खुशहाल इनक्लेव वार्ड-31 निवासी 26 वर्षीय करन खेड़ा पुत्र ललित खेड़ा रुद्रपुर टेंपो स्टैंड में मुंशी का काम करता था। बताया जा रहा है कि रविवार रात वह किसी काम से बाहर गया हुआ था।
रात करीब 12 बजे रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देखकर वहां से गुजर रहे लोगों ने भारत सेवा टीम के सदस्यों को सूचना दी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे टीम के सदस्यों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार सुबह जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को मिली, वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।



