रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखंड पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। उधम सिंह नगर जिले के किच्छा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 122.25 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार कुमाऊं परिक्षेत्र में रिद्धिम अग्रवाल (पुलिस महानिरीक्षक) के निर्देशन में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 मार्च को एसटीएफ और किच्छा कोतवाली पुलिस की टीम लालपुर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान गुरुद्वारे वाली गली के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोक सिंह (42) निवासी लालपुर, किच्छा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पारदर्शी पन्नी में रखी 122.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
किच्छा कोतवाल प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह सितंबर माह में भी करीब 152.39 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा तस्करी शुरू कर दी थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुमाऊं क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



