पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने एक बार फिर इंसानियत की मिसाल पेश की है। उन्होंने दुबई में फंसे लोगों के लिए मुफ्त ठहरने की व्यवस्था करने का ऐलान किया है।
गुरुवार को सोनू सूद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि मौजूदा संकट के कारण जो लोग दुबई में फंस गए हैं और उनके पास रहने की व्यवस्था नहीं है, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। ऐसे लोगों के लिए मुफ्त रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
वीडियो में सोनू सूद ने कहा, “अगर कोई भी व्यक्ति इस समय के संकट में दुबई में फंसा हुआ है, तो हम सिर्फ इतना कहना चाहते हैं कि आपके पास रहने की जगह है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आपको फ्री ऑफ कॉस्ट ठहरने की सुविधा मिले।”
उन्होंने आगे कहा कि चाहे भारतीय हों या किसी भी अन्य देश के नागरिक, यदि वे दुबई में फंसे हैं तो वे उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर डायरेक्ट मैसेज कर अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि 52 वर्षीय सोनू सूद को अक्सर ‘रियल लाइफ हीरो’ कहा जाता है। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने हजारों प्रवासी मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाने के साथ-साथ भोजन और रहने की व्यवस्था कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
इससे पहले भी वे कई जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अभिनेता Rajpal Yadav की मदद के लिए भी पहल की थी और फिल्म इंडस्ट्री के अन्य लोगों से सहयोग की अपील की थी।


