मुंबई। अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित सुनीता अहूजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अपने पॉडकास्ट शो में उन्होंने पति गोविंदा के व्यवहार और निजी जीवन से जुड़े कई पहलुओं पर खुलकर बात की। उनके इस बयान के बाद दोनों के रिश्तों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मां के रहते अनुशासित थे गोविंदा
शो के दौरान सुनीता से पूछा गया कि शादी के बाद गोविंदा का नाम कई विवादों में आने पर वह शांत कैसे रहीं और उन्हें किसी बात का डर नहीं लगा। इस पर उन्होंने बताया कि उस समय उनकी सास, यानी गोविंदा की मां जीवित थीं और अभिनेता उनसे काफी डरते थे।
सुनीता के मुताबिक, गोविंदा अपनी मां की हर बात मानते थे। लेकिन उनके निधन के बाद वह अधिक स्वतंत्र हो गए और उनका डर भी खत्म हो गया।
‘गलत संगति’ पर जताई चिंता
सुनीता ने आगे कहा कि गोविंदा की संगति अच्छी नहीं है और उनके आसपास ऐसे लोग हैं जो उन्हें सही दिशा नहीं दिखाते। उनका मानना है कि यही वजह है कि वह कई बार जीवन में सही निर्णय नहीं ले पाते।
उन्होंने यह भी कहा कि गोविंदा स्वभाव से बेहद भोले हैं और अक्सर अपने आसपास की परिस्थितियों को ठीक से समझ नहीं पाते।
तीन दशक पुराना रिश्ता, फिर भी खटास की चर्चा
गोविंदा और सुनीता की शादी को 30 साल से अधिक समय हो चुका है। उनके दो बच्चे— बेटा यशवर्धन और बेटी टीना— हैं।
पिछले साल सुनीता ने अभिनेता के अफेयर की बात स्वीकार की थी, हालांकि गणेश चतुर्थी के मौके पर दोनों ने साथ आकर तलाक की खबरों को अफवाह बताया था। इसके बावजूद दंपती के रिश्तों में तनाव की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं।


