किच्छा। नगर पालिका परिषद नगला द्वारा क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जाने वाली 140 स्ट्रीट लाइटों के कार्य का विधिवत शिलान्यास पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला के साथ किया। शिलान्यास अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर विरोधियों द्वारा भ्रामक तथ्यों के माध्यम से नगला के विकास कार्यों को बाधित करने का प्रयास किया गया, जिसके कारण पिछले वर्षों में क्षेत्र का विकास प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि नवगठित नगर पालिका परिषद में चुनाव संपन्न होने के बाद अब बोर्ड अध्यक्ष एवं सभासद क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। नगला को सुंदर और सुरक्षित बनाने की दिशा में स्ट्रीट लाइटों की स्थापना एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कदम है। नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि वे निरंतर घर-घर जाकर नागरिकों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके त्वरित समाधान के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा पूर्व में पूरे नगला क्षेत्र में वाटर हार्वेस्टिंग योजना लागू की गई थी और अब स्ट्रीट लाइट स्थापना का कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के मार्गदर्शन में निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और नगला के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


