रुद्रपुर: शहर के कई इलाकों को जोड़ने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क की सूरत अब बदलने जा रही है। करीब 20 साल से जर्जर पड़े इस मार्ग का राज्य योजना के तहत 2.83 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स निर्माण किया जाएगा। शनिवार को विधायक शिव अरोरा ने भगत सिंह चौक से डॉ. डोगरा क्लिनिक तक बनने वाली सड़क का फीता काटकर शिलान्यास किया।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि उनके प्रयासों से मुख्य बाजार क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर हॉटमिक्स सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली थी। इनमें से अधिकांश मार्ग दीपावली से पहले ही पूरे कर लिए गए हैं।
इन मार्गों में पंजाबी मार्केट, गुरुद्वारा गोल मार्केट, गुप्ता मेडिकल गली, वीर हकीकत मार्ग, बंसल ज्वेलर्स मार्ग, पांच मंदिर मार्ग और डॉ. बठला अस्पताल गली लंबे समय से जर्जर स्थिति में थे। अब इनके निर्माण के बाद पूरे क्षेत्र की सूरत बदल गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग करीब 20 वर्षों से खस्ताहाल था। सड़क बनने से आदर्श कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी समेत आसपास के अन्य इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
इस मौके पर बत्रा, नरेश ग्रोवर, गुलशन नारंग, सुरमुख सिंह विर्क, राजकुमार खनिजो, अशोक गुम्बर, संदीप डोगरा, जगदीश टंडन और मयंक कक्कड़ सहित कई लोग मौजूद रहे।



