सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। महानुभावों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विधानसभा गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि आने-जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जाए। केवल अधिकृत व्यक्तियों और पासधारकों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाए।
इसके अलावा ड्यूटी के दौरान पुलिस बल को संयमित और मर्यादित व्यवहार बनाए रखने, संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत अपने प्रभारी अधिकारी को देने के निर्देश भी दिए गए।



