हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन 7 मार्च को हरिद्वार में किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान में बड़े स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही संशोधित आपराधिक कानून ‘बीएनएस’ (भारतीय न्याय संहिता) से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को दी जाएगी।
केंद्रीय गृहमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन के साथ ही भाजपा संगठन भी पूरी तरह सक्रिय है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।


