हल्द्वानी हिंसा के मुख्य साजिशकर्ताओं में पहला नाम सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। अब्दुल का ही मलिक बगीचा पर कब्जा था, जहां पर अवैध निर्माण ढहाने प्रशासन की टीम गई थी।
अब्दुल मलिक फरार हो गया है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, अब्दुल मलिक पर NSA लगाने की तैयारी में हल्द्वानी पुलिस है। नैनीताल के एसएसपी ने बताया कि पुलिस कई और मुख्य साजिशकर्ताओं की तलाश कर रही है। पुलिस के रडार पर अब्दुल मलिक के साथ और कई साजिशकर्ता हैं। हिंसा के दौरान अब्दुल का जिसने भी साथ दिया, पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पांच आरोपियों को पुलिस ने किया अरेस्ट
अभी तक पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमे अरशद और जावेद नाम के शख्स शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों पर आईपीसी की धारा 147, 148, 307, 332, 333, 353 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। अब्दुल मलिक के फोन कॉल रिकॉर्ड्स और पुराना इतिहास पुलिस खंगालने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक,अब्दुल का एक घर दिल्ली में भी है। हल्द्वानी शहर में हिंसा के बाद भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती है।


