देहरादून। यूट्यूबर और बिग बॉस-17 के कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल की तबीयत एक बार फिर अचानक बिगड़ गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के कुछ समय बाद ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से नजदीकी मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
अनुराग के मैनेजर रोहित पांडे ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में अनुराग एम्बुलेंस के अंदर ऑक्सीजन मास्क लगाए दिखाई दे रहे हैं।
रोहित पांडे ने बताया कि शनिवार को हालत स्थिर होने के बाद डॉक्टरों ने अनुराग को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया था और उन्हें देहरादून ले जाया जा रहा था। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद तुरंत उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल अनुराग जिंदगी के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अनुराग का सड़क हादसा हो गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 14 मार्च को उनके मैनेजर ने जानकारी दी थी कि एक्सीडेंट के बाद उन्हें निमोनिया हो गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इधर, हादसे से कुछ दिन पहले अनुराग ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा कर परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उनके माता-पिता और भाई ने उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया है और परिवार ने उनका साथ नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
हालांकि, इस मामले पर उनके भाई ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अनुराग यह सब केवल व्यूज पाने के लिए कर रहे हैं।



