देहरादून। प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी जिले में किल्लत जैसी स्थिति नहीं है। यदि कोई कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह बात खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को एलपीजी की मांग और सप्लाई को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक के बाद कही।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कुल 35,55,559 घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं, जबकि 60,976 कमर्शियल कनेक्शन मौजूद हैं। वर्तमान में 80,861 घरेलू और 12,146 कमर्शियल गैस सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, साथ ही रोजाना नियमित रूप से सप्लाई भी पहुंच रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलिंडरों की डिलीवरी में कहीं कोई समस्या नहीं है।
रेखा आर्या ने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैस एजेंसियों या स्टोर रूम से सीधे सिलिंडर न दिए जाएं, बल्कि सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की एसओपी के तहत अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है।
मंत्री ने यह भी बताया कि जो व्यवसायी कमर्शियल गैस कनेक्शन लेना चाहते हैं, उन्हें आवेदन के 24 घंटे के भीतर कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश गैस कंपनियों को दिए गए हैं। प्रदेश सरकार कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। अब तक 173 स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है और 15 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
इसके साथ ही प्रदेश में पीएनजी कनेक्शनों के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है। इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भेजकर पीएनजी लाइन के लिए जल्द एनओसी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया जाएगा।



