काठमांडो। नेपाल में 2026 के आम चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान जारी है। राजधानी काठमांडो समेत देशभर में सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं। काठमांडो के धापासी, महाराजगंज और अन्नपूर्णा विनायक स्कूल जैसे मतदान केंद्रों पर लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया।
नेपाली कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार गगन थापा ने काठमांडो के मैती देवी मंदिर मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि वह बेहद उत्साहित हैं और पार्टी के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय नेपाल को ऐसे परिपक्व नेतृत्व की जरूरत है जो अनुभव के साथ बदलाव की सोच भी रखता हो।
वहीं, काठमांडो निर्वाचन क्षेत्र-4 से नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार सचिन तिमलसेना ने भी चुनाव प्रक्रिया और अपनी संभावनाओं को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में युवाओं की भागीदारी अभूतपूर्व है और अगर युवा किसी पार्टी को अपना प्रतिनिधि चुनते हैं तो उसी पार्टी के जीतने की संभावना अधिक रहती है। तिमलसेना ने कहा कि शुरुआत में सुरक्षा को लेकर चिंता थी, लेकिन अब तक की व्यवस्थाएं प्रभावी दिखाई दे रही हैं।
नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने काठमांडो के धापासी मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना कर्तव्य निभा दिया है और देशवासियों से भी बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।
इस बीच चुनाव कराने के लिए जिम्मेदार कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने काठमांडो महानगरपालिका के वार्ड नंबर-29 के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के समन्वयक पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने भी मतदान किया और चुनाव को लेकर खुशी जताई।
मतदान के दौरान राजधानी के कई केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। महाराजगंज के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। एक मतदाता ने कहा कि उसे उम्मीद है कि जो भी सत्ता में आएगा वह देश के विकास के लिए काम करेगा और युवाओं के विदेश पलायन को रोकने के प्रयास करेगा।
चुनाव के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांवों की ओर लौटे हैं। मेट्रोपॉलिटन ट्रैफिक पुलिस डिवीजन के अनुसार बुधवार सुबह तक करीब आठ लाख लोग काठमांडो घाटी छोड़कर अपने गृह जिलों की ओर जा चुके थे। पुलिस उपाधीक्षक सुनील जंग शाह ने कहा कि चुनाव के लिए लोगों का घर लौटना किसी बड़े त्योहार जैसा माहौल बना रहा है।
राजधानी काठमांडो में पूर्व महापौर और रैपर बलेंद्र ‘बालेन’ शाह ने भी अन्नपूर्णा विनायक स्कूल मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। चुनाव को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।


