किच्छा। कांग्रेस तिलक राज बेहड़ द्वारा हाल में ग्राम प्रधान पति गफ्फार खान के खिलाफ की गई बयानबाजी से नाराज समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम सभा दरऊ से जुलूस की शक्ल में लोग नगर के दीनदयाल चौक पहुँचे और विधायक बेहड़ का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। कार्यक्रम के दौरान हुजूम को संबोधित करते हुए गफ्फार खान ने विधायक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेहड़ झूठी बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना था कि विधायक खुद को मुसलमानों का हितैषी बताते हैं, लेकिन उनके खिलाफ बयान देने से बाज नहीं आते। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में मुस्लिम समुदाय के हितैषी हैं तो जनता के बीच आकर बताएं कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में कितने विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा दरऊ में प्रधानी चुनाव के बाद कई विकास कार्य कराए गए हैं। यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही हैं तो विधायक तथ्य सहित साबित करें, अन्यथा दो दिन के भीतर अपने बयान को लेकर माफी मांगें। इस दौरान इश्तियाक खान, सदाक़त अंसारी, जहूर अहमद, शाहिद खान, जब्बार खान, अतीक अहमद, इरफान कुरैशी और इकबाल कुरैशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पुतला फूंकने की कार्रवाई पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति

किच्छा। विधायक बेहड़ का पुतला दहन किए जाने पर स्थानीय राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने नाराजगी जताई। उन्होंने पत्रकार वार्ता कर गफ्फार खान के बयान पर आपत्ति दर्ज कराई और स्थानीय लोगों से इस तरह के कार्यक्रमों में शामिल न होने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि बरेली पुलिस द्वारा गफ्फार खान पर लगाए गए आरोपों को लेकर यदि किसी को आपत्ति है तो भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से संपर्क कर जांच की मांग करें। विधायक का पुतला दहन कर राजनीतिक माहौल को नया मोड़ देना और जनता को गुमराह करना उचित नहीं है। पत्रकार वार्ता में निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, गुलशन सिंधी, राजेश प्रताप सिंह, सरदार मेजर सिंह, एनयू खान, फज़ील खान, ओम प्रकाश दुआ, राजीव जग्गी, अशोक मित्रा, जुनैद मलिक, दीप हंसपाल, नितिन शर्मा और धर्मेंद्र सिंधी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


