साल 2023 में फिल्म फर्रे से इंडस्ट्री में कदम रखने वाली अलीजेह अग्निहोत्री अब अपनी अगली फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान की भांजी इस बार पर्दे पर सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ नजर आ सकती हैं। दोनों कलाकार निर्देशक विकास बहल की आगामी म्यूजिकल ड्रामा फिल्म में काम करते दिखेंगे। हालांकि, फिल्म को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
इंग्लैंड बसे पंजाबी युवाओं की कहानी
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का कथानक इंग्लैंड में रहने वाले उन पंजाबी युवाओं के इर्द-गिर्द घूमेगा, जो अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए विदेशी संस्कृति में भी रच-बस जाते हैं। कहानी में पंजाब से जुड़ाव और प्रवासी जीवन की झलक दिखाई जाएगी। मनोरंजन वेबसाइट वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में 90 के दशक का माहौल, डांस क्लब संस्कृति और पंजाबी म्यूजिक के वैश्विक सफर को दिखाया जाएगा।
सिंगर के किरदार में दिखेंगी अलीजेह
फिल्म में अलीजेह एक सिंगर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। कहानी में पंजाबी संगीत को दुनियाभर में पहचान दिलाने के संघर्ष और जुनून को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा। अलीजेह, फिल्म निर्माता अलवीरा खान और अभिनेता-निर्माता अतुल अग्निहोत्री की बेटी हैं।

कब शुरू होगी शूटिंग?
रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की शूटिंग इस साल की दूसरी छमाही में शुरू हो सकती है। यदि यह प्रोजेक्ट आगे बढ़ता है तो विकास बहल और सिद्धांत चतुर्वेदी की यह दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले दोनों दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग में साथ काम कर चुके हैं, जो जुलाई में रिलीज हो सकती है।
सिद्धांत के वर्क फ्रंट की बात
सिद्धांत हाल ही में फिल्म दो दीवाने सहर में को लेकर चर्चा में रहे, जिसमें उन्होंने मृणाल ठाकुर के साथ काम किया। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। फिलहाल, अलीजेह और सिद्धांत की इस नई म्यूजिकल ड्रामा फिल्म को लेकर आधिकारिक घोषणा और अन्य जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


