उधम सिंह नगर/किच्छा। बाखपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक फैक्ट्री के डंपिंग जोन में रखी गन्ने की खोई में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर 12:26 बजे कलकत्ता फार्म चौकी से सूचना मिली कि बाखपुर में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंची। वहां पाया गया कि बायो जी प्राइवेट लिमिटेड, स्वामी शिव अग्रवाल की फैक्ट्री के डंपिंग जोन में रखी गन्ने की खोई में आग धधक रही थी।
दमकल कर्मियों ने वाटर टेंडर और मिनी हाईप्रेशर पंप (नंबर 60) से लगातार पानी की बौछार कर होजरील और अतिरिक्त होज की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की लगातार पंपिंग के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। मौके पर कलकत्ता फार्म चौकी के पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। फायर सर्विस टीम में चालक मदन सिंह, फायरमैन दीपक सिंह, संजय सिंह, प्रमोद सोन और संविदा चालक धीरज राणा शामिल रहे।


