काशीपुर। कुंडेश्वरी क्षेत्र के बरखेड़ी और आईआईएम काशीपुर के आसपास तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तेंदुआ लगातार क्षेत्र में दिखाई दे रहा है और आबादी के करीब तक पहुंच रहा है।
वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं, लेकिन अभी तक तेंदुआ पिंजरे में नहीं फंसा है। काशीपुर रेंजर देवेंद्र रजवार ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने कुछ स्थानों को चिन्हित कर वहां पिंजरे लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि तेंदुआ कई बार दिखाई दिया है, जिससे आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।



