ऊधम सिंह नगर में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल हवा और बारिश के कारण जमीन पर लेट गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
जिले में करीब 1.8 लाख हेक्टेयर भूमि पर गेहूं और लगभग 5000 हेक्टेयर में सरसों की बुवाई की गई थी। किसानों को इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बारिश के कारण गेहूं की खड़ी फसल खेतों में गिर गई है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
किसानों का कहना है कि लगातार बारिश उनकी फसलों के लिए नुकसानदेह साबित हो रही है। इसके चलते जहां कटाई में देरी होगी, वहीं फसल के खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है। किसानों को आशंका है कि यदि मौसम ऐसा ही बना रहा तो बची हुई फसल भी बर्बाद हो सकती है।
फसल को हुए नुकसान के बाद जिला प्रशासन ने कृषि विभाग को प्रभावित क्षेत्रों का आंकलन करने के निर्देश दिए हैं। जिन स्थानों पर फसल को नुकसान पहुंचा है, वहां पटवारियों द्वारा रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपी जाएगी।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रभावित फसलों का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।



