ग्रीष्मकालीन राजधानी में धामी सरकार करीब सात माह बाद पहुंची। विधानसभा सत्र के पहले ही दिन उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने दिवालीखाल में प्रदर्शन कर अपनी ताकत दिखाई। स्थायी राजधानी, अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर यूकेडी ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था।
सोमवार को दिवालीखाल में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा परिसर तक पहुंचने में सफल हो गए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस बीच यूकेडी कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ियों को रोक दिया और हिरासत में ले जाए जा रहे आंदोलनकारियों को नीचे उतार लिया।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पानी की बौछार कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।



