देहरादून। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए धामी मंत्रिमंडल का आखिरकार विस्तार कर दिया गया। शुक्रवार को नवरात्र के दूसरे दिन लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पांच नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास को शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। वहीं, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ग्रहण की।
प्रदेश मंत्रिमंडल में पहले से रिक्त चल रहे पांच पदों को भरते हुए इन नेताओं को शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि मंत्रियों के चयन में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्यों का आकलन किया गया। साथ ही क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए संतुलन बनाने की कोशिश की गई।
कैबिनेट विस्तार को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व और राज्य स्तर पर कई दौर की चर्चा के बाद अंतिम मुहर लगी। इसके लिए नवरात्र का शुभ मुहूर्त चुना गया।

मैदान-पहाड़ के संतुलन पर जोर
नई कैबिनेट में क्षेत्रीय संतुलन को साधने का विशेष ध्यान रखा गया है। पहली बार हरिद्वार जिले को दो कैबिनेट मंत्री मिले हैं। वर्तमान में मंत्रिमंडल में गढ़वाल मंडल से आठ और कुमाऊं मंडल से चार मंत्री शामिल हैं।
इस विस्तार में तीन विधायकों को पहली बार कैबिनेट मंत्री बनने का अवसर मिला है, जबकि दो अनुभवी नेताओं को भी दोबारा मौका देकर अनुभव और नई ऊर्जा के मिश्रण पर जोर दिया गया है।



