उत्तराखंड में मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी बिगड़ा रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इसी बीच लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक पहुंचे मौसम विभाग के चेतावनी संदेश ने हलचल बढ़ा दी। संदेश में संभावित मौसम परिवर्तन की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दरअसल, बीते कुछ दिनों से प्रदेशभर में मौसम का रुख बदला हुआ है। गुरुवार से लगातार हो रही बारिश के बीच अगले 24 घंटों में मौसम के और करवट लेने की संभावना जताई गई है।
प्रेसिडेंशियल अलर्ट संदेश के अनुसार, 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि निचले इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चंपावत और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है।
हालांकि अधिकारियों के अनुसार यह संदेश सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली के तहत भेजा गया एक परीक्षण (टेस्ट मैसेज) था, जिसका उद्देश्य आपदा चेतावनी प्रणाली की प्रभावशीलता को परखना है, ताकि आपात स्थिति में समय पर सूचना आम जनता तक पहुंचाई जा सके।



