मुंबई। अभिनेता वरुण धवन की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया। फिल्म की सफलता के बाद अब वरुण जल्द ही काम से कुछ समय का लंबा ब्रेक लेने वाले हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान वह अपने परिवार के साथ समय बिताने की योजना बना रहे हैं।
दरअसल, इस साल वरुण धवन की कई फिल्में रिलीज हुई हैं। साल की शुरुआत में आई ‘बॉर्डर 2’ में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा, जिसके बाद उन्हें फैंस का काफी प्यार मिला। हालांकि, लगातार शूटिंग और प्रमोशन में व्यस्त रहने के बाद अब अभिनेता कुछ समय के लिए काम से दूरी बनाना चाहते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वरुण इस ब्रेक के दौरान अपनी बेटी लारा के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग और प्रचार में व्यस्त रहने के कारण वह परिवार को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे, इसलिए अब वह पूरी तरह परिवार पर ध्यान देना चाहते हैं।
वहीं, वरुण धवन की अगली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ भी रिलीज के लिए तैयार है। इस फिल्म का निर्देशन डेविड धवन ने किया है। फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
पहले यह फिल्म 5 जून को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज तारीख 12 जून 2026 तय की गई है। ऐसे में वरुण के प्रशंसक जल्द ही उन्हें बड़े पर्दे पर एक बार फिर नए अंदाज में देख सकेंगे।



