देहरादून। जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल जिला जज कार्यालय को मिला, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। सूचना मिलते ही प्रमेंद्र डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन सभी जजों और अधिवक्ताओं को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया और कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली कराकर चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई। प्रारंभिक जांच में धमकी भरे ई-मेल के पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। सूचना फैलते ही परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। देहरादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी प्रदेश के कई जिलों के न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हाल के दिनों में हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल के जिला न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि जांच में अब तक कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने सभी मामलों में सघन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, इन घटनाओं को असामाजिक तत्वों की शरारत के रूप में भी देखा जा रहा है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।


