GATE 2026 Answer Key जारी, उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से कर सकते हैं डाउनलोड
नई दिल्ली/गुवाहाटी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2026 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। परीक्षा 7, 8, 14 और 15 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से उत्तरकुंजी देख सकते हैं।
जारी आंसर-की की मदद से छात्र अपने उत्तरों का मिलान कर संभावित अंकों का अनुमान लगा सकते हैं। यदि किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति हो, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।
ऐसे लगाएं संभावित अंकों का अनुमान
उम्मीदवार पहले अपनी रिस्पॉन्स शीट और प्रोविजनल आंसर-की डाउनलोड करें। इसके बाद अपने उत्तरों का मिलान सही जवाबों से करें। सही और गलत उत्तरों की अलग-अलग गणना कर नेगेटिव मार्किंग का हिसाब लगाते हुए रॉ मार्क्स का अनुमान लगाया जा सकता है।
यदि परीक्षा मल्टी-सेक्शन पेपर में हुई है, तो अंतिम स्कोर नॉर्मलाइजेशन के बाद 1000 अंकों के पैमाने पर तय होगा। फिलहाल उम्मीदवार केवल रॉ मार्क्स के आधार पर संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं।
अंकन प्रणाली
कंप्यूटर आधारित इस परीक्षा का आयोजन 30 विषयों के लिए किया गया था। प्रत्येक सही उत्तर पर 1 या 2 अंक मिलते हैं। ऑब्जेक्टिव प्रश्नों में 1/3 या 1/2 नेगेटिव मार्किंग लागू होती है, जबकि NAT (Numerical Answer Type) प्रश्नों में नकारात्मक अंकन नहीं है।
GATE स्कोर तीन वर्ष तक मान्य रहता है। इसके आधार पर आईआईटी, एनआईटी सहित विभिन्न संस्थानों में MTech और PhD प्रवेश मिलता है। कई सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भी भर्ती में GATE स्कोर को मान्यता देते हैं।
ऐसे डाउनलोड करें आंसर-की
- आधिकारिक वेबसाइट gate2026.iitg.ac.in पर जाएं।
- होमपेज पर GOAPS पोर्टल लिंक पर क्लिक करें।
- लॉगिन कर रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड दर्ज करें।
- स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रोविजनल आंसर-की देखें और डाउनलोड कर लें।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भविष्य के संदर्भ के लिए आंसर-की सुरक्षित रखें और समय रहते आपत्ति प्रक्रिया पूरी कर लें।


