रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरू ग्राम की घटना, आरोपी हिरासत में; लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू
रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरू ग्राम में शादी से पूर्व आयोजित मेहंदी समारोह के दौरान एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली है। साथ ही उसका शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। गढ़वाली कॉलोनी, नेहरूग्राम निवासी कमल कुमार यादव ने तहरीर देकर बताया कि उनके घर पर मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में शामिल होने आए परिचित लक्ष्मण सिंह नेगी समेत कई लोग नाच रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मण नेगी की कमर में लगी लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली कमल कुमार की साली नीलिमा के पैर में जा लगी। घायल नीलिमा को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी लक्ष्मण नेगी को हिरासत में ले लिया। पिस्टल भी जब्त कर ली गई है। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि मामले में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति करते हुए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बड़ा हादसा टला
समारोह में गोली चलने से अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि पिस्टल की नाल नीचे की ओर थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। कार्यक्रम में कई छोटे बच्चे भी मौजूद थे।
पहले समझ नहीं पाए लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जश्न के माहौल में अचानक गोली चलने की आवाज से कुछ देर तक लोगों को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ है। जब घायल नीलिमा ने चीख-पुकार की तब घटना की जानकारी हो सकी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला लापरवाही में हुई फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचते समय झटके लगने से ट्रिगर दब गया, जिससे फायर हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


