नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे महिलाओं के स्वास्थ्य, युवाओं के रोजगार और देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
अजमेर में 16,680 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे अजमेर पहुंचेंगे, जहां वे 16,680 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें शहरी विकास, स्वच्छ पेयजल, सड़क नेटवर्क, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इस अवसर पर वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
14 साल की लड़कियों के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान
महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री अजमेर से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेंगे। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम कर देश की बेटियों और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
सड़क और कनेक्टिविटी को रफ्तार
कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। इनमें जयपुर से बांदीकुई के बीच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर का हिस्सा और दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे का 8-लेन सेक्शन शामिल है।
इसके अलावा जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में नए स्टेट हाईवे का शिलान्यास भी होगा।
पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र में नई पहल
हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने के लक्ष्य के तहत नोनेरा और परवन अकवाड़ पेयजल परियोजनाओं के कई पैकेजों की नींव रखी जाएगी। साथ ही राज्य को रिन्यूएबल एनर्जी हब बनाने के लिए नए ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन और कई ग्रिड सबस्टेशन का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति मजबूत होगी।
युवाओं को नियुक्ति पत्र
रोजगार सृजन के तहत प्रधानमंत्री राजस्थान के विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 21,800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
गुजरात में सेमीकंडक्टर क्रांति की शुरुआत
दोपहर करीब 3:45 बजे प्रधानमंत्री साणंद पहुंचेंगे, जहां वे माइक्रोन टेक्नोलॉजी की सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग (एटीएमपी) फैसिलिटी का उद्घाटन करेंगे।
22,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाला यह प्रोजेक्ट भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। यहां ‘मेड-इन-इंडिया’ मेमोरी मॉड्यूल का उत्पादन होगा, जो वैश्विक बाजारों में निर्यात किए जाएंगे।
अगले चरण में दक्षिण भारत दौरा
राजस्थान और गुजरात का कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री 28 फरवरी की रात करीब 9 बजे चेन्नई पहुंचेंगे। इसके बाद 1 मार्च 2026 को वे तमिलनाडु और पुडुचेरी के दौरे पर रहेंगे।


